ट्रंप ने ईरान के साथ परमाणु समझौते की बातचीत जारी रखने पर जोर दिया, लेकिन सैन्य विकल्प भी खुला रखा.
USA-Israel Relations: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच बुधवार को वॉशिंगटन में हुई बैठक के बाद ईरान पर कोई निर्णायक समझौता नहीं निकला। दोनों नेताओं ने दो घंटे से अधिक समय तक बंद कमरे में चर्चा की। यह ट्रंप के सत्ता में लौटने के बाद नेतन्याहू के साथ उनकी सातवीं मुलाकात थी।
ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा, “मैंने अभी प्रधानमंत्री नेतन्याहू और उनकी टीम से मुलाकात की. बैठक काफी अच्छी रही और हमारे दोनों देशों के रिश्ते हमेशा की तरह मजबूत हैं. इस मीटिंग में कोई पक्का फैसला नहीं हुआ, बस इतना तय हुआ कि ईरान से बातचीत चलती रहनी चाहिए. पिछली बार ईरान ने समझौता नहीं किया था और उसे ‘मिडनाइट हैमर’ का झटका लगा था, जो उसके लिए ठीक नहीं रहा. उम्मीद है इस बार वे ज्यादा समझदारी और जिम्मेदारी दिखाएंगे. हमने गाज़ा और पूरे इलाके में हो रही तरक्की पर भी बात की. सच में, मध्य पूर्व में शांति है. इस पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद.”
ट्रंप ने आगे कहा, “अगर समझौता हो गया तो वह हमारी पहली प्राथमिकता होगी। अगर नहीं हुआ, तो आगे की कार्रवाई बाद में तय की जाएगी।” उन्होंने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि इस विषय पर नेतन्याहू की सहमति बनी या नहीं।
आशंका जताई जा रही थी कि नेतन्याहू ट्रंप से ईरान के साथ बातचीत को केवल परमाणु कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए, उसे बैलिस्टिक मिसाइल और क्षेत्रीय गतिविधियों तक बढ़ाने का आग्रह करेंगे। बैठक में नेतन्याहू ने इजरायल की सुरक्षा आवश्यकताओं पर जोर दिया, लेकिन कोई संकेत नहीं मिला कि ट्रंप ने उनकी मांगें मान ली हैं।
इजरायली अधिकारियों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि केवल परमाणु समझौता ईरान की व्यापक सैन्य क्षमता को नियंत्रित नहीं कर सकता। ट्रंप ने बार-बार कहा है कि यदि कूटनीति विफल रही तो सैन्य विकल्प भी इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, तेहरान ने किसी भी हमले का जवाब देने की चेतावनी दी है, जिससे मध्य पूर्व में बड़े संघर्ष की आशंका और बढ़ गई है।
‘बोर्ड ऑफ पीस’ में इजरायल शामिल
बैठक में गाजा की स्थिति पर भी चर्चा हुई, जहां ट्रंप ने संघर्ष विराम और पुनर्निर्माण योजना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। हालांकि, हमास के हथियार छोड़ने और इजरायली सैनिकों के पीछे हटने को लेकर मतभेद होने के कारण इसमें अधिक प्रगति नहीं हो सकी।
ट्रंप ने कहा, “हमने गाजा और पूरे क्षेत्र में हो रही महत्वपूर्ण प्रगति पर चर्चा की। मध्य पूर्व में वास्तव में शांति की दिशा में कदम बढ़ रहे हैं।” नेतन्याहू का दौरा शांतिपूर्ण रहा; ओवल ऑफिस में मीडिया को कोई एक्सेस नहीं दिया गया। केवल एक छोटी फोटो जारी की गई, जिसमें दोनों नेता हाथ मिलाते दिखे।
नेतन्याहू ने घोषणा की कि इजरायल ट्रंप की ‘बोर्ड ऑफ पीस’ पहल में शामिल होगा। उन्होंने अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रुबियो से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर लिखा, “मैंने इजरायल को बोर्ड ऑफ पीस में शामिल करने पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।”
(For more news apart from Trump tells Netanyahu Iran nuclear talks must continue news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)