
इस दौरान भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बताते हुए बिहार सरकार की तारीफ की।
Bihar News In Hindi: पटना, बिहार की राजधानी पटना के ज्ञान भवन में आज भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में देश के रक्षा मंत्री और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह शामिल हुए। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के साथ इस कार्यसमिति की बैठक का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव, विजय संकल्प और निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने न केवल विपक्ष को निशाने पर लिया बल्कि कार्यकर्ताओं में भी उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने इस दौरान भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बताते हुए बिहार सरकार की तारीफ की। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उन्होंने इस साल होने वाले चुनाव में फिर से एनडीए की दो तिहाई बहुमत से सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि एनडीए की सरकार में बिहार में बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि बिहार विकसित राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी बात है कि बिहार के चाहे मुख्यमंत्री हों, उपमुख्यमंत्री हों या मंत्री, किसी पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं है।
उन्होंने कहा कि जब विपक्ष नफरत की राजनीति करती है, जबकि भाजपा सेवा और विकास की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता का फर्ज है कि वह हर घर तक पहुंचे और मोदी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दे। हमें लोगों को यकीन दिलाना है कि अगर कोई बिहार का खोया गौरव लौटा सकता है, तो वह भाजपा और एनडीए है।
उन्होंने यह भी कहा कि केवल हमें चुनाव के लिए नहीं बल्कि उन लोगों के लिए काम करना है जो एक समय बिहार से पलायन कर गए थे, जिनके भाइयों का अपहरण कर लिया गया था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और इसका मकसद सिर्फ सरकार चलाना नहीं, बल्कि समाज को जोड़ना और हर व्यक्ति की गरिमा को बनाए रखना है।
उन्होंने कांग्रेस और राजद को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस और राजद जैसी पार्टियों का एक ही उद्देश्य है, सत्ता में बने रहना। जबकि भाजपा का उद्देश्य भारत के हर नागरिक के लिए सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना है, ऐसी नीतियां बनाना है जिसमें समाज के हर वर्ग का विकास हो। सभी को आत्मसम्मान के साथ जीने का अधिकार मिले, यह भी हमारी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि हम सभी भारत की अर्थव्यवस्था को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रयासरत हैं।
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने राजद के अध्यक्ष लालू यादव के जननायक कर्पूरी ठाकुर और भीमराव अंबेडकर की तस्वीर के अपमान करने की भी चर्चा की।
उन्होंने कहा, "लालू यादव ने मुख्यमंत्री रहते समय कर्पूरी जी की विरासत और मूल्यों दोनों को हाशिए पर डाल दिया। यहाँ तक कि न कोई स्मृति स्थल, न कोई ठोस योजना उनके नाम पर, न कोई विचारधारा का प्रचार। मोदी जी ने न सिर्फ कर्पूरी जी का नाम नई पीढ़ी को फिर से याद दिलाया, बल्कि उनकी जीवन शैली और सिद्धांतों को 21वीं सदी की राजनीति का आदर्श बनाया।"
राजद जहां बाबा साहेब की तस्वीर और उनके विचारों को मोल नहीं देती, वहीं भाजपा ने बाबासाहेब और उनके दिए मूल्यों को अपने दिल में बसाती है। भाजपा की सरकार ने बाबासाहेब से जुड़े स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का कार्य किया है।
उन्होंने लोगों को सचेत करते हुए कहा कि ऐसे लोगों के विचार नए रूप में आज भी हैं। अभी ऐसे विचारों का खतरा टला नहीं है। ऐसे में हमें सचेत रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमें भारत और बिहार दोनों को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा, "अब जब मैं आप लोगों के बीच हूँ तो मुझे साफ़ दिख रहा है कि हमारा भाजपा का जो संगठन है वह भी एक तरह का वृक्ष ही है जिसकी जड़ों को मज़बूत करने का काम हमारे परिश्रमी और दृढ़ इच्छाशक्ति वाला कार्यकर्ता ही करता है। भाजपा में हर कोई कार्यकर्ता भाव से ही काम करता है, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न बैठा हुआ हो। यही हमारी पार्टी की मजबूती का आधार है, जिसका परिणाम यह हुआ है कि भारतीय जनता पार्टी पूरी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हो चुकी है।"
कार्यसमिति में आए कार्यकर्ताओं को स्वर्णिम बिहार के निर्माता बताते हुए उन्होंने कहा कि आप सिर्फ पार्टी के सदस्य मात्र नहीं हैं। आप हमारी विचारधारा के योद्धा हैं। आप बिहार निर्माण की नींव हैं।
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि यह केवल एक संगठन की बैठक मात्र नहीं है, बल्कि एक संकल्प सभा है, उस संकल्प की सिद्धि के लिए जो बिहार और भारत दोनों को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए हमें लेना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 11 वर्षों में यह सिद्ध किया है कि भारत बदल सकता है और भारत आगे बढ़ सकता है, बशर्ते नेतृत्व सुदृढ़ हो, नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और राष्ट्र-हित सर्वोपरि रखा जाए।
उन्होंने आगे कहा, "आज मोदी जी के नेतृत्व में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। हमें लोगों को यह अहसास दिलाना है कि बिहार भी तब तेज़ी से आगे बढ़ेगा जब राज्य और केंद्र दोनों में एनडीए के विचार की मति और कार्य की गति होगी और जब हमारे मिशन और विजन के साथ कार्य होगा।"
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि राजद और कांग्रेस फिर से विभाजन की राजनीति को हवा देंगे। लेकिन हम विकास और विश्वास की राजनीति करते हैं। इसलिए जब विपक्ष नफरत की राजनीति की बात करे तो उसका जवाब हमें सेवा की राजनीति से देना है। जब वे बिहार को पीछे धकेलने वाली बातें करें, तो हम उज्ज्वल भविष्य का रोडमैप बताएंगे। जब वे विभाजन की राजनीति करें तो हमें लोगों को जोड़ने वाली बातें करनी हैं। जब वे बिहार के लोगों को मुद्दों से भटकाएं तो, हम शिक्षित बिहार की बात करें।
उन्होंने अपने संबोधन में जंगलराज की भी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि आज भाजपा का संकल्प केवल सत्ता प्राप्ति नहीं है, यह उस ऐतिहासिक अन्याय का प्रतिकार है, जिसे बिहार ने दशकों तक झेला है। अब समय आ गया है कि बिहार अपने अतीत से सीखे और उस उम्मीद को फिर से जिए जिसका वह हकदार है। बिहार और बिहार के लोग विकास और सुशासन के भागीदार बनें।
उन्होंने कहा, पिछले दो दशकों में, भाजपा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने अभूतपूर्व प्रगति की है। पुरानी जंगलराज की छवि को तोड़ा है। इससे सकारात्मक बदलाव स्पष्ट रूप से दिखा है।
उन्होंने कहा कि भारत एक ऐसा देश है जहाँ की संस्कृति में ही सर्व धर्म सम्भाव का भाव है। भारतीय संस्कृति स्वभाव से ही पंथनिरपेक्ष रही है। यह तो वह धरती है जहाँ पर हर किसी को अपनी बात का प्रचार करने की छूट रही है।
इस कार्यसमिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह बड़ा शुभ दिन है। उन्होंने कहा कि यह बैठक संगठन को अधिक सशक्त एवं संगठित बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के व्यापक अनुभव, राष्ट्रहित के प्रति उनकी निष्ठा और संगठनात्मक कौशल से बैठक को नई दिशा एवं ऊर्जा मिली।
उन्होंने कहा कि अब हम जनता के बीच जाएंगे और एनडीए के सरकार में जो विकास हुआ है, उसके बारे में लोगों को बताने वाले हैं। इसके साथ ही हम विजय का संकल्प लेकर जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता राजनीति के साधक नहीं हैं बल्कि बिहार के विकसित बनाने के साधक हैं। हमारी राजनीति कभी सत्ता नहीं रही हमारे लिए राष्ट्र धर्म पहले है। उन्होंने इस दौरान माँ जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम में भव्य मंदिर बनाये जाने की भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि यह हमसभी के लिए बड़े गौरव की बात है कि हमने राम जन्मभूमि पर भव्य राममंदिर भी बनते देखा और अब मां जानकी की जन्मभूमि पुनौरा धाम में भी भव्य मंदिर बनते देखेंगे।
कार्यसमिति बैठक के समापन सत्र में बिहार के प्रभारी विनोद तावड़े ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
इस कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव, विजय संकल्प प्रस्ताव और निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। राजनीतिक प्रस्ताव जहां उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पेश किया वहीं निंदा प्रस्ताव बिहार के मंत्री जनक राम और विजय संकल्प प्रस्ताव प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने पेश किया।
बैठक में शोक प्रस्ताव पेश करते हुए हाल के दिनों में दिवंगत नेताओं को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में अलग-अलग सत्रों में मंच संचालन महामंत्री राजेश वर्मा, लाजवंती झा और शिवेश राम ने किया।
(For More News Apart From Efforts are being made to end democracy from Bihar Tejashwi Prasad Yadav News In Hindi, Stay Tuned To Rozana Spokesman Hindi)