नीतीश कुमार के नामांकन के मौक़े पर गृह मंत्री अमित शाह पटना पहुंचे।
Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा उम्मीदवार के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेन्द्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने भी नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे।
नामांकन के बाद अमित शाह ने कहा, "नीतीश कुमार का यह कार्यकाल बिहार के इतिहास में स्वर्णिम पृष्ठ के रूप में दर्ज किया जाएगा। उन्होंने बिहार के विकास के हर मायने को गति दी और अपने शासनकाल में बिहार को जंगलराज से मुक्त कराने का महत्वपूर्ण काम किया।"

उन्होंने न केवल बिहार की सड़कों को गांव-गांव तक जोड़ा, बल्कि उनकी गुणवत्ता और स्थिति में भी सुधार किया। इतने लंबे राजनीतिक सफर में—विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री रहते हुए—उनके चरित्र पर कभी कोई दाग नहीं लगा।
भ्रष्टाचार का कोई आरोप लगे बिना इतना लंबा राजनीतिक सफर शायद ही किसी ने तय किया हो, जितना नीतीश कुमार ने तय किया है। उनका मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल बिहार के लोगों के लिए हमेशा स्मरणीय और सम्मानजनक रहेगा। मैं पुनः नीतीश कुमार और नितिन नवीन का राज्यसभा में आगमन पर स्वागत करता हूं।

नामांकन से पहले नीतीश कुमार ने अपने X अकाउंट पर लिखा, "संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरी इच्छा थी कि मैं बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में मैं राज्यसभा का सदस्य बनना चाहता हूं। बिहार की नई सरकार को मेरा पूरा समर्थन रहेगा।"

नीतीश कुमार के इस ऐलान पर तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में महाराष्ट्र मॉडल बीजेपी ने लागू किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने नीतीश कुमार को इतना दबाव दिया कि उन्हें इस्तीफा देना पड़ रहा है। यादव ने कहा, "बीजेपी अपनी सहयोगी पार्टी को खत्म कर देती है। उन्होंने नीतीश कुमार को हाईजैक कर लिया है।"
(For more news apart from Bihar CM Nitish Kumar files nomination papers for Rajya Sabha elections news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)