
धरना स्थल पर उमड़े सैकड़ों लोगों को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला
Patna News In Hindi: पटना, दिल्ली में बिहार के हजारों परिवारों को बेघर करने और बिहार में शिक्षा से लेकर रोज़गार तक हर मोर्चे पर हो रहे भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने पटना के गर्दनीबाग में जोरदार धरना प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने किया। उनके साथ आम आदमी पार्टी के बिहार प्रभारी अजेश यादव, दिल्ली के बुराड़ी से विधायक संजीव झा और बिहार प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव समेत कई अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
धरना स्थल पर उमड़े सैकड़ों लोगों को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार अब लोकतंत्र नहीं, तानाशाही के रास्ते पर चल रही है। उन्होंने कहा कि आज देश में महंगाई चरम पर है, नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा, किसान आत्महत्या कर रहे हैं और दूसरी ओर सत्ता में बैठे लोग सिर्फ अपने विरोधियों को दबाने और डराने में लगे हैं।
संजय सिंह ने कहा कि जनता की आवाज़ को दबाने के लिए ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आम आदमी पार्टी न कभी डरने वाली है, न झुकने वाली। यह पार्टी हमेशा सच्चाई, संविधान और जनता के हक की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।
सांसद संजय सिंह ने अपने भाषण में बिहार की डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, "यह पेपर लीक की सरकार है, जिसने लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया है। अब इस सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।" उन्होंने कहा कि जो सरकार युवाओं को नौकरी नहीं दे सकती, परीक्षा की ईमानदारी नहीं बचा सकती, वह शासन करने लायक नहीं है।
जातिगत जनगणना पर बोलते हुए संजय सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि “जातिगत जनगणना हर समाज को न्याय देने का आधार है। लेकिन भाजपा पर भरोसा मत करो, ये लोग कभी जातिगत जनगणना नहीं कराएंगे। इनकी राजनीति ही सामाजिक न्याय को रोकने पर टिकी हुई है।”
दिल्ली में बिहार और पूर्वांचल के लोगों के साथ हो रहे अन्याय का मुद्दा भी इस धरने में गूंजा। संजय सिंह ने कहा कि “दिल्ली में झुग्गियाँ तोड़कर बिहार के गरीबों को बेघर किया जा रहा है। ये न केवल अन्याय है, बल्कि एक संगठित हमला है मेहनतकश पूर्वांचलियों पर। आम आदमी पार्टी इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
अग्निवीर योजना पर सवाल उठाते हुए संजय सिंह ने कहा कि यह युवाओं के साथ धोखा है। “चार साल की नौकरी और फिर बेरोजगारी – यही है इस सरकार का ‘सैन्य सुधार’। यह योजना युवाओं के भविष्य और देश की सुरक्षा दोनों के साथ खिलवाड़ है।
बिहार प्रभारी अजेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ही एकमात्र विकल्प है जो ईमानदारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसेवा की राजनीति करती है।
दिल्ली के बुराड़ी विधानसभा से विधायक संजीव झा ने भाजपा सरकारों को आड़े हाथों लेते हुए कहा, "भाजपा सरकारों के राज में जिस तरह बिहार और पूर्वांचल के लोगों को परेशान किया जा रहा है, वह बेहद निंदनीय है। दिल्ली में झुग्गियाँ तोड़कर हज़ारों परिवारों को बेघर किया जा रहा है — ये सीधा हमला है मेहनतकश बिहारियों और पूर्वांचलवासियों पर। आम आदमी पार्टी इस अन्याय के खिलाफ हर मंच पर आवाज़ उठाएगी। हम चुप नहीं बैठेंगे — अब हर अत्याचार का डटकर मुकाबला होगा।
बिहार प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी अब हर जिले, हर गांव तक पहुंचेगी और हर उस नागरिक की आवाज़ बनेगी जो व्यवस्था से परेशान है, जिसे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोज़गार और सम्मानजनक जीवन चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह धरना सिर्फ एक विरोध जताने नहीं था, बल्कि यह उस संघर्ष की शुरुआत है, जिसमें आम आदमी पार्टी बिहार की धरती पर नया राजनीतिक विकल्प देने का संकल्प लेकर उतरी है।
इस दौरान मुख्य रूप से एडवाइजरी कमिटी प्रदेश अध्यक्ष शत्रुघन साहू, महासचिव केशव किशोर प्रसाद, प्रदेश कोषाध्यक्ष रीना श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष मीरा सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीवास्तव पुरुषोत्तम, प्रदेश उपाध्यक्ष बीपी सिंह, संयुक्त सचिव उदय सिंह, स्टेट ऑफिस इंचार्ज रोहित कुमार, प्रदेश फण्ड रेसर अशोक कुमार, उपाध्यक्ष बीपी सिंह, मुख्य प्रवक्ता शशिकांत सिंह, स्टेट ऑफिस इंचार्ज रोहित अशोक कुमार, प्रदेश अध्यक्ष सांस्कृतिक प्रकोष्ठ लोकेश सिंह, युवा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु पटेल, प्रदेश अध्यक्ष छात्र विंग शुभम कुमार, स्टेट फंड कोऑर्डिनेटर अशोक सिंह, स्टेट प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर बबलू प्रकाश समेत अन्य कई पदाधिकारी मौजूद रहे हैं।
(For more news apart from Aam Aadmi Party protest in Patna over the demolition of Biharis houses in Delhi News In Hindi, stay tuned to Spokesman Hindi)