सूरजकुंड मेले में 14 वें राउंड पर झूला गिर गया था, जिसकी चपेट में आकर इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई।
Faridabad Suraj Kund Mela: फरीदाबाद के सूरजकुंड मेला परिसर में 7 फरवरी को हुए झूला हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस हादसे में एक झूला टूट गया था, और लोगों को बचाते समय हरियाणा पुलिस के निरीक्षक जगदीश प्रसाद की मृत्यु हो गई थी। (2 arrested in deadly Surajkund joyride accident, cops probe negligence news in hindi)
पुलिस के अनुसार, झूला लगाने वाली कंपनी “हिमाचल केयर फन केयर” के मालिक मोहम्मद शाकिर को गिरफ्तार किया गया है। वह हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गांव टोका नंगला का निवासी है। टूटे हुए झूले का मालिक भी वही है और उसका नाम FIR में दर्ज है।
वहीं, सीएम नायब सैनी ने घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा, नितेश, निवासी धर्मपुरी सदर मेरठ कैंट, उत्तर प्रदेश, को भी आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी रखी है।
थाना सूरजकुंड में झूला हादसे के मामले में कंपनी के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई को पुलिस उपायुक्त (अपराध) के पर्यवेक्षण में गठित तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) की निगरानी में अंजाम दिया जा रहा है।
हादसे के बाद शहीद निरीक्षक जगदीश प्रसाद का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस महानिदेशक अजय सिंगला और पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता सिविल अस्पताल, फरीदाबाद पहुंचकर परिजनों से मिले और संवेदना व्यक्त की।
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि निरीक्षक जगदीश प्रसाद ने घायलों को बचाते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। विभाग को उन पर गर्व है। उन्होंने बताया कि परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी और अनुकंपा योजना के तहत योग्य सदस्य को नौकरी भी प्रदान की जाएगी।
पुलिस महानिदेशक ने सिविल अस्पताल फरीदाबाद और सुप्रीम अस्पताल में भर्ती घायलों से भी मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, इस हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए थे और सभी की स्थिति अब सामान्य है। सभी घायलों को उच्च स्तरीय इलाज दिया जा रहा है।
घायलों में महिला सहायक उप निरीक्षक नीलम, महिला सिपाही शर्मिला, राजेश (SPO), हर्ष प्रकाश, प्रशांत, अमीषा, परविंदर, सुनील, शिवानी, बलबीर, अनुज और पूजा शामिल हैं। इनमें से 5 घायलों को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।
(For more news apart from 2 arrested in deadly Surajkund joyride accident, cops probe negligence news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)