यह परियोजना हरियाणा के अंबाला,कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत जिलों से गुजरेगी, जिससे जीटी रोड बेल्ट के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
Delhi-Ambala Railway Line: हरियाणा में दिल्ली से अंबाला तक नई रेल लाइन बिछाई जाएगी, जिससे जीटी रोड बेल्ट के लाखों लोगों को सीधे लाभ मिलेगा। यह नई लाइन अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत से होकर गुजरेगी। इसके चलते न केवल रणनीतिक महत्व बढ़ेगा, बल्कि दिल्ली से पंजाब और जम्मू तक रेल कनेक्टिविटी में भी सुधार होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में लिए गए इस निर्णय की जानकारी सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने साझा करते हुए बताया कि यह रेल लाइन सेना के साथ-साथ आम यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी। इस 194 किलोमीटर लंबी परियोजना पर 5,983 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
यह परियोजना दिल्ली से जम्मू तक रणनीतिक लिहाज से महत्वपूर्ण होगी। हरियाणा में यह लाइन अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत से होकर गुजरेगी। 32 रेलवे स्टेशनों पर सुविधाओं को उन्नत किया जाएगा। चार वर्षों में इसे पूरा करने का लक्ष्य है।
खास बात यह कि इस परियोजना के लिए बड़े पैमाने पर भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं होगी। मौजूदा रेल लाइन के साथ-साथ रेलवे की काफी जमीन इसके लिए इस्तेमाल होगी। नई रेल लाइन पर कुल 29 पुलों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही रास्ते में पड़ने वाले पुराने पुलों का पुनर्निर्माण भी कराया जाएगा।
परियोजना पूरी होने के बाद 43 करोड़ किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड के उत्सर्जन में कमी आएगी। इसके साथ ही दिल्ली से पंजाब और आगे जम्मू तक रेल कनेक्टिविटी में सुधार होगा।
हरियाणा में इन दिनों कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाएं चल रही हैं, जिनमें आर्बिटल रेल कॉरिडोर सबसे बड़ी परियोजना है। कुंडली–मानेसर–पालवल (KMP) एक्सप्रेस-वे के साथ-साथ बनने वाली नई इलेक्ट्रिक डबल ब्रॉड-गेज लाइन पालवल से शुरू होकर सोहना, मानेसर और खरखौदा के रास्ते हरसाना कलां (सोनीपत) तक जाएगी।
इसी तरह, करनाल–यमुनानगर रेल लाइन को भी स्वीकृति मिल चुकी है। यह 61 किलोमीटर लंबी लाइन इंद्री, लाडवा और रादौर के मार्ग से गुजरते हुए कुरुक्षेत्र–यमुनानगर कनेक्शन को सीधे जोड़ती है, जिससे मौजूदा 121 किलोमीटर की दूरी घटकर 61 किलोमीटर रह जाएगी। फिलहाल यह परियोजना सर्वे स्तर पर है।
रोहतक–महम–हांसी के बीच बनने वाली नई लाइन रोहतक, भिवानी और हिसार जिलों के बीच सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, जिससे दूरी में 20 किलोमीटर की कमी होगी। कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेल ट्रैक भी ट्रैफिक जाम से राहत दिलाएगा।
(For more news apart from Cabinet approves Rs 5,983 crore for Delhi-Ambala 3rd and 4th railway lines of 194 km news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)