लंदन में आयोजित “बिहार लोक नीति दिवस” कार्यशाला में बिहार के शासन सुधार और ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियों की सराहना
अंतरराष्ट्रीय नीति संवादों में बिहार के वरिष्ठ अधिकारियों की भागीदारी राज्य की विकास यात्रा और शासन सुधारों के प्रति बढ़ती वैश्विक रुचि को दर्शाती है : मनोज कुमार सिंह
पटना : बिहार के शासन सुधार और विकास मॉडल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण पहचान मिली है। यूनाइटेड किंगडम स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पोलिटिकल साइंस में आयोजित “बिहार लोक नीति दिवस” कार्यशाला में राज्य के विद्युत क्षेत्र में हुए परिवर्तन और सामुदायिक विकास मॉडल की सराहना की गई। इसका आयोजन 2-3 मार्च, 2026 को किया गया था।
इस कार्यशाला में श्री राहुल कुमार,(भाप्रसे) प्रबंध निदेशक, नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड एवं बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड ने भाग लेते हुए बिहार की विकास यात्रा और शासन से जुड़ी पहलों को अंतरराष्ट्रीय अकादमिक समुदाय के समक्ष प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का आयोजन लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के शासन अध्ययन विभाग द्वारा किया गया था, जिसमें बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अंतरराष्ट्रीय नीति विशेषज्ञों और शिक्षाविदों ने भी भाग लिया।
तीन अलग-अलग सत्रों में अपने विचार रखते हुए प्रबंध निदेशक श्री राहुल कुमार ने बिहार में ग्रामीण विद्युतीकरण के सामाजिक-आर्थिक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि राज्य में विश्वसनीय बिजली आपूर्ति ने आजीविका के अवसर बढ़ाने, कृषि उत्पादकता को मजबूत करने, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा तक पहुंच में सुधार लाने तथा ग्रामीण उद्यमों के विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि बिहार ने बिजली की कमी वाले राज्य की स्थिति से निकलकर लगभग सार्वभौमिक घरेलू विद्युतीकरण और बेहतर आपूर्ति विश्वसनीयता तक उल्लेखनीय प्रगति की है। वितरण दक्षता बढ़ाने, स्मार्ट मीटरिंग के विस्तार, ऊर्जा गणना प्रणाली को मजबूत करने तथा भविष्य के लिए तैयार विद्युत नेटवर्क के निर्माण जैसे सुधारों पर भी उन्होंने विस्तार से प्रकाश डाला।
अपने पूर्व ग्रामीण विकास अनुभव का उल्लेख करते हुए श्री राहुल कुमार ने बिहार के प्रसिद्ध सामुदायिक विकास मॉडल जीविका की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से यह पहल लाखों ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने और जमीनी स्तर पर सामुदायिक संस्थाओं को मजबूत करने का सफल उदाहरण बन चुकी है, जिसकी वैश्विक स्तर पर सराहना हो रही है।
ऊर्जा विभाग के सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार सिंह (भाप्रसे) ने कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय नीति संवादों में बिहार के वरिष्ठ अधिकारियों की भागीदारी राज्य की विकास यात्रा और शासन सुधारों के प्रति बढ़ती वैश्विक रुचि को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के विस्तार, विद्युत क्षेत्र के आधुनिकीकरण और सामुदायिक नेतृत्व वाले विकास में बिहार का अनुभव यह दर्शाता है कि निरंतर नीतिगत सुधार और प्रौद्योगिकी आधारित शासन के माध्यम से समावेशी विकास को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है और नागरिकों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार लाया जा सकता है।