संस्था से जुड़ी महिला स्वयंसेविकाओं को उनके सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों के लिए सम्मानित किया गया
पटना : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ह्यूमैनारो फाउंडेशन द्वारा वीर कुंवर सिंह पार्क में महिला स्वयंसेविका सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की राज्य प्रमुख समृद्धि श्रीवास्तव ने की।
इस अवसर पर संस्था से जुड़ी महिला स्वयंसेविकाओं को उनके सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी स्वयंसेविकाओं ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर सामूहिक संकल्प लिया और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान मेघा झा, निहारिका रॉय, प्रतिभा विश्वास, नायला समरीन, इंशा आलम, श्रेया राज, ऋषिता आर्या, अदिति वी. ठाकुर, आकांक्षा विवेकानंद ठाकुर, अनामिका कुमारी और अंजली प्रिया,आयुषी प्रिया सहित कई पर्यावरण स्वयंसेविकाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संस्था द्वारा महिला मजदूरों को साड़ी भेंट कर उन्हें भी सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से उनके श्रम, योगदान और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने कहा कि समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम में संस्था के कई स्वयंसेवक और सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे, जिन्होंने महिला स्वयंसेविकाओं के कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।