शपथ ग्रहण के दौरान सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों ने नगर के विकास, स्वच्छता, पारदर्शिता और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई
बोकारो : चास नगर निगम सभागार में आयोजित समारोह में मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने नव निर्वाचित महापौर (मेयर) भोलू पासवान एवं 35 वार्डों से चुने गए पार्षदों को पद की शपथ दिलाई।शपथ ग्रहण के दौरान सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों ने नगर के विकास, स्वच्छता, पारदर्शिता और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।अपने संबोधन में डीईओ सह डीसी अजय नाथ झा ने सभी नव निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।वहीं, नव निर्वाचित महापौर भोलू पासवान ने कहा कि वे सभी पार्षदों के सहयोग से चास नगर निगम को एक स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी प्रशासन का भरोसा दिलाया।मौके पर पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ प्रांजल ढ़ांडा, सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ चास प्रदीप कुमार आदि उपस्थित रहे। वहीं डीडीसी ने फुसरो नगर परिषद के नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को भी दिलाई शपथ
फुसरो नगर परिषद सभागार में आयोजित समारोह में मंगलवार को उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने नव निर्वाचित अध्यक्ष निर्मला देवी एवं 28 वार्डों से चुने गए पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।शपथ ग्रहण के दौरान सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों ने नगर के विकास, स्वच्छता, पारदर्शिता और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।अपने संबोधन में डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने सभी नव निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने परिषद क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने की बात कही।मौके पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम, निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ बेरमो मुकेश मछुआ,सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ बेरमो मुकेश कुमार आदि उपस्थित थे।